सोलन: कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, सनवारा में कक्षा ग्यारहवीं के विद्यार्थियों की ओर से कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक खेलों और विभिन्न गतिविधियों ने पूरे माहौल को उत्साहपूर्ण और यादगार बना दिया।

इस खास अवसर पर विविध प्रतियोगिताओं और प्रस्तुतियों के आधार पर मास्टर अमरीक चौधरी को मिस्टर फेयरवेल तथा सुश्री दीपाक्षी कौशल को मिस फेयरवेल के खिताब से नवाजा गया। विद्यार्थियों के लिए कार्यक्रम में जलपान और रात्रिभोज की भी विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसका सभी ने खूब आनंद लिया।

समारोह के दौरान विद्यालय के प्रबंध निदेशक हीरा ठाकुर, सीईओ डॉ. संजीव मैनरा और प्रधानाचार्या पूनम ठाकुर ने कक्षा बारहवीं के सभी विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की कामना की।