नाहन : सिरमौर जिले के उपमंडल शिलाई में पुलिस ने जुए के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल के कमरे में चल रहे जुआ रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए होटल मालिक सहित कुल 5 लोगों को ताश के पत्तों पर पैसों का दांव लगाते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस थाना शिलाई की टीम द्वारा गश्त के दौरान मिले गुप्त इनपुट पर अमल लाते हुए अमल में लाई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गत 6 अगस्त को शिलाई पुलिस की एक टीम क्षेत्र में गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि नरेश कुमार (निवासी गांव नाया, डाकघर व तहसील शिलाई, जिला सिरमौर) अपने होटल के कमरे में लोगों को जुआ खिलवा रहा है और खुद भी इस अवैध गतिविधि में शामिल है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए होटल के कमरे में दबिश दी, जहाँ 5 व्यक्ति ताश के पत्तों पर पैसों की बाजी लगा रहे थे।

मौके से पकड़े गए आरोपियों की पहचान सीता राम (गांव बश्वा, डाकघर बेला), नरेश कुमार (गांव नाया, होटल संचालक), जगत सिंह (गांव लोहरांह, डाकघर पाब मानल), राजेश (गांव बमराड, डाकघर बकरास) और विक्रम (गांव डुडोग, डाकघर बोली कोटी) के रूप में हुई है, जो सभी तहसील शिलाई, जिला सिरमौर के रहने वाले हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ताश के पत्तों के साथ कुल ₹4,200 की नकदी बरामद की है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना शिलाई में ‘सार्वजनिक जुआ अधिनियम’ के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी कार्रवाई जारी है।