नाहन : हिमाचल प्रदेश महिला महासंघ इंटक ने श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के गाँव चौरास की सशक्त नेत्री श्रीमती लक्ष्मी चौहान को प्रदेश महिला अध्यक्ष के पद का दायित्व सौंपा है।
इस नई जिम्मेदारी के लिए लक्ष्मी चौहान ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस महासंघ (इंटक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हौशिला प्रसाद शर्मा, राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष शैतान सिंह सोलंकी, राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष भवानी त्रिवेदी, प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कुमार, प्रदेश महासचिव आरती शांडिल सहित तमाम शीर्ष नेतृत्व का हृदय से धन्यवाद किया।

मीडिया को जारी बयान में लक्ष्मी चौहान ने कहा, “संगठन द्वारा मुझे हिमाचल प्रदेश महासंघ इंटक में महिला प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर मैं शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करती हूँ। यह पद केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि महिलाओं के उत्थान और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का एक बड़ा अवसर है।”
उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और ऊर्जा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वाह करेंगी। प्रदेश के मजदूरों, श्रमिकों और कर्मचारियों के हितों की आवाज उठाना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने आगे कहा कि संगठन की नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए वे प्रदेश की सभी महिलाओं को एकजुट करेंगी और संगठन के विस्तार में अपना पूर्ण योगदान देंगी।