नाहन : सिरमौर जिले के उपमंडल संगड़ाह में एक बार फिर सड़कों की खस्ताहाली काल बनकर सामने आई है। पियूलाणी-भलोना मार्ग पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल है। जानकारी के अनुसार, आई-10 कार (HP79-2756) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए और चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में भलौना स्कूल की मुख्य शिक्षिका (CHT) अमरा देवी और उनकी बेटी भी शामिल हैं।
मृतकों की पहचान 52 वर्षीय अमरा देवी (निवासी गांव गाता, वर्तमान सीएचटी भलौना), उनकी 14 वर्षीय बेटी अराध्या, ऊँचा टिक्कर की 14 वर्षीय प्रियंका और भलौना के 62 वर्षीय सज्जन सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमरा देवी अपने बच्चों के साथ स्कूल ड्यूटी पर जा रही थीं, तभी यह हादसा पेश आया। कार चालक 33 वर्षीय अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया।

इस हादसे ने एक बार फिर इलाके की सड़कों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों में प्रशासन के प्रति गहरा रोष है। लोगों का कहना है कि पियूलाणी-भलोना और संगड़ाह-गत्ताधार जैसे संपर्क मार्गों की हालत लंबे समय से जर्जर है। सड़कों पर पड़े बड़े-बड़े गड्ढे और धंसते हुए डंगे आए दिन हादसों को न्योता दे रहे हैं। बार-बार की गई मांगों के बावजूद मरम्मत कार्य न होने से अब जनता का धैर्य जवाब दे रहा है। राजगढ़ के डीएसपी विद्या चंद नेगी, जिनके पास संगड़ाह का अतिरिक्त कार्यभार है, उन्होंने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।