संगड़ाह में झाड़ियों के पीछे चल रहा था जुए का खेल, 32 हजार से ज्यादा की नकदी के साथ दो धरे

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर के पुलिस थाना संगड़ाह की टीम ने अवैध जुए के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए चाबधार क्षेत्र में दबिश देकर दो जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दाव पर लगी 32,400 रुपये की नकदी भी बरामद की है।

मिली जानकारी के अनुसार, बीते कल पुलिस थाना संगड़ाह की टीम नियमित गश्त के दौरान जोहड़िया के समीप मौजूद थी। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि जोहड़िया से ऊपर चाबधार क्षेत्र में कुछ व्यक्ति पैसों पर दाव लगाकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। तलाशी के दौरान चाबधार में झाड़ियों के पीछे दो व्यक्ति ताश खेलते हुए पाए गए, जिन्हें साथ मौजूद पुलिस कर्मियों की सहायता से मौके पर ही काबू कर लिया गया।

पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपियों ने अपनी पहचान लाल सिंह (पुत्र नैन सिंह, निवासी गांव गैहल, डाकघर कोरग, उप-तहसील हरिपुरधार, तहसील संगड़ाह) और सुखबीर सिंह (पुत्र मेला राम, निवासी गांव टूहेरी, डाकघर सैंज, तहसील संगड़ाह, जिला सिरमौर) के रूप में बताई। मौके से पुलिस ने कुल 32,400 रुपये की राशि बरामद की है।

पुलिस थाना संगड़ाह में दोनों आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई एवं जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।