संगड़ाह में 80 वर्षीय बुजुर्ग पर जानलेवा हमला, मंदिर के पास पत्थर मार कर किया लहूलुहान

नाहन : रेणुका विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले घाटों गांव में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग के साथ बेरहमी से मारपीट और जानलेवा हमले का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी व्यक्ति द्वारा किए गए इस हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, घाटों गांव के स्थानीय निवासी रिखीराम शर्मा (80) अपने घर से गांव के मुख्य प्रांगण की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान जब वह गांव के मंदिर के समीप पहुंचे, तो वहां पहले से ही मौजूद इंदर सिंह नामक व्यक्ति ने उन पर अचानक एक बड़ा और भारी पत्थर फेंक दिया। पत्थर सीधे बुजुर्ग को लगा, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसके बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने बुजुर्ग को दोबारा जान से मारने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बीच-बचाव किया और बुजुर्ग की जान बचाई।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल रिखीराम शर्मा को तुरंत संगड़ाह अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार देने के बाद बुजुर्ग की नाजुक हालत और गहरी चोटों को देखते हुए उन्हें आगामी स्वास्थ्य जांच व उच्च स्तरीय इलाज के लिए डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया गया है।

अस्पताल में उपचाराधीन पीड़ित रिखीराम शर्मा ने बताया कि आरोपी इंदर सिंह पिछले लंबे समय से गांव के कई लोगों को बेवजह डराने-धमकाने का काम कर रहा है। अक्सर मंदिर के रास्ते से आने-जाने वाले ग्रामीणों और राहगीरों को इस व्यक्ति द्वारा जान से मारने की धमकियां दी जाती हैं, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस व्यक्ति के हिंसक रवैये को देखते हुए बकायदा पुलिस को पहले भी सूचित किया गया था कि यह किसी भी ग्रामीण को बड़ी हानि पहुंचा सकता है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि समाज में अशांति फैलाने और बुजुर्ग पर जानलेवा हमला करने वाले इस आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।

मामले की सूचना मिलने के बाद देर शाम संगड़ाह पुलिस की टीम घाटों गांव पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और ग्रामीणों के बयान दर्ज करने के बाद आरोपी इंदर सिंह को तुरंत हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।