शिमला: संजौली स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आज ‘मौलिक अधिकार एवं मौलिक कर्तव्य’ विषय पर एक विशेष विधिक जागरूकता और कानूनी साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज एंड रिसर्च APG यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों को उनके संवैधानिक अधिकारों, कर्तव्यों और देश के कानूनों के प्रति जागरूक करना था।

इस खास कैंप के दौरान लॉ यूनिवर्सिटी के छात्रों और प्रोफेसरों ने संजौली स्कूल के विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने बेहद सरल भाषा में भारतीय संविधान द्वारा दिए गए मौलिक अधिकारों और हर नागरिक के बुनियादी कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही बच्चों को प्रेरित किया गया कि वे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें और देश के एक सजग व जिम्मेदार नागरिक बनें।
इस मौके पर विभागाध्यक्ष डॉ. भावना वर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए प्रायोगिक और क्रियात्मक शिक्षण को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि लीगल एड और जागरूकता अभियान न केवल छात्रों को सीधे समाज से जोड़ते हैं, बल्कि उनके बातचीत करने के तरीके लीडरशिप क्वालिटी और पब्लिक रिलेशन को भी मजबूती देते हैं।
यह पूरा आयोजन कॉलेज और स्कूल दोनों ही स्तर के विद्यार्थियों के लिए बेहद मददगार और ज्ञानवर्धक साबित हुआ। इसके जरिए समाज में संवैधानिक मूल्यों और कानूनी समझ को बढ़ाने की एक सार्थक कोशिश की गई।