सिरमौर: अंडर-14 जिला स्तरीय टेबल टेनिस में कोटड़ी व्यास बना विजेता, हैंडबॉल में भी किया शानदार प्रदर्शन

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : द एरुडाइट वर्ल्ड स्कूल, बातापुल (पांवटा साहिब) में आयोजित अंडर-14 जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में शहीद कमल कांत स्मारक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटड़ी व्यास के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया। विद्यालय की अंडर-14 गर्ल्स टेबल टेनिस टीम ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत सिरमौर विजेता का खिताब अपने नाम किया, वहीं हैंडबॉल प्रतियोगिता में भी टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए जिला स्तर पर तृतीय स्थान हासिल किया।

टेबल टेनिस विजेता टीम में सुहाना (पुत्री फौजी चांदपुर), आरुषि (पुत्री अनिल उप्पली कोटड़ी), यशवी (पुत्री मनजीत व्यास), प्राची (पुत्री अनिल कुमार उपरली कोटड़ी) तथा किंजल (पुत्री निर्मल चांदपुर) शामिल रहीं। इन सभी खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान उत्कृष्ट तालमेल, अनुशासन और खेल कौशल का परिचय देते हुए विजेता ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाया।

समापन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि विधायक एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, मदन मोहन शर्मा, इंडस्ट्रियल व पंचायत प्रधान मोहन सिंह शोहता तथा अन्य गणमान्य अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

टीम के प्रशिक्षक धर्मेंद्र चौधरी एवं प्रबंधक शशि गुप्ता ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि कोटड़ी व्यास के खिलाड़ी लगातार विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास, अनुशासन, कड़ी मेहनत और उनके अभिभावकों के निरंतर सहयोग को दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी सहित समस्त स्टाफ सदस्यों—रघुबीर तोमर, चतर चौहान, उर्मिल शर्मा, किरण कपूर, ज्योति, ओमप्रकाश, राकेश, बलदेव एवं सुष्मिता—ने खिलाड़ियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र का यह विद्यालय लगातार खेलों के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बना रहा है। विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों की मेहनत को इस सफलता की मुख्य आधारशिला बताया।

खिलाड़ियों की इस बड़ी उपलब्धि पर अभिभावकों—अनिल, यूसुफ, निर्मल, मंजू, सुमन देवी, बालका, मलका, मुलख राज एवं पवन कुमार—तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मान सिंह व समस्त सदस्यों ने खुशी व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी। विद्यालय परिवार ने पूर्ण विश्वास जताया कि कोटड़ी व्यास के खिलाड़ी आने वाले समय में भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करते रहेंगे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।