सिरमौर: कोलर में ओवरटेक करना पड़ा भारी; बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने से पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल

नाहन : पांवटा-नाहन राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोलर बस स्टैंड के समीप चंदन नर्सरी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहाँ तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करने के प्रयास में एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता वैभव शर्मा निवासी यशवंत बिहार (नाहन) ने बताया कि 22 जुलाई को शाम करीब 4 बजे वह अपनी कार से पांवटा साहिब से नाहन की ओर लौट रहे थे। जब वे कोलर में चंदन नर्सरी के पास पहुंचे, तो उनके आगे चल रही एक निजी बस यात्रियों को उतारने के लिए रुकी। बस के रुकते ही वैभव शर्मा ने भी अपनी कार रोक दी।

इसी दौरान पीछे से अत्यधिक तेज रफ्तार में आ रही एक मोटरसाइकिल (HP85-1679) के चालक ने बस और कार को एक साथ ओवरटेक करने का प्रयास किया। ओवरटेकिंग के दौरान सामने से आ रही दूसरी कार (HP17G-8154) से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई।

इस हादसे में मोटरसाइकिल चालक रत्न और उस पर सवार उनके पिता बस्ती राम (निवासी करड़ी बराड़, तहसील शिलाई) दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर दुर्घटना के संबंध में दिनांक 22 जुलाई को मामला पंजीकृत कर लिया गया है। लापरवाही से वाहन चलाने और ओवरटेक करने के आरोप में मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी तफ्तीश जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।