सिरमौर: नशा तस्कर की 31.83 लाख की संपत्ति सीज, दिल्ली से लगी मुहर

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर पुलिस द्वारा नशा तस्करों और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और बड़ी और कठोर कार्रवाई अमल में लाई गई है। पुलिस ने नशा तस्करी के जरिए जुटाई गई अवैध संपत्ति पर कड़ा प्रहार करते हुए सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी आरोपी फिरोज आलम और उसके परिजनों के नाम पर अर्जित ₹31.83 लाख से अधिक की चल-अचल संपत्ति को फ्रीज कर दिया है। सक्षम प्राधिकारी, SAFEMA एवं NDPS एक्ट, नई दिल्ली ने पुलिस द्वारा की गई इस संपत्ति जब्ती के आदेशों की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना पांवटा साहिब में दर्ज एफआईआर संख्या के तहत आरोपी फिरोज आलम पुत्र निवासी सहारनपुर (उ०प्र०) को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से 1,300 खुली नशीली कैप्सूल और 96 ट्रामाडोल कैप्सूल (कुल 1,390 नशीली कैप्सूल) बरामद की थीं।

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सिरमौर पुलिस ने मामले की गहराई से वित्तीय जांच शुरू की। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपी ने नशीली दवाओं के अवैध काले कारोबार से मोटी कमाई कर अपने और अपने परिजनों के नाम पर कई संपत्तियां अर्जित की थीं। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए इन संपत्तियों को चिन्हित कर फ्रीज करने की फाइल तैयार की। नई दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी ने केस का अवलोकन करने के बाद कुल ₹31,83,579.10 मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेशों पर मुहर लगा दी।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई केवल गिरफ्तारी और एफआईआर दर्ज करने तक ही सीमित नहीं रहेगी। पुलिस नशे के इस अवैध नेटवर्क की रीढ़ तोड़ने के लिए तस्करों द्वारा बनाई गई काली कमाई और संपत्तियों को जब्त करने की वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रखेगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।