क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, हॉकी और रस्साकशी में जीतो 31 लाख! हिमाचल में फ्री रजिस्ट्रेशन शुरू

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के युवाओं को नशे के चंगुल से दूर रखने और खेलकूद के माध्यम से उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से युवा सेवा एवं खेल विभाग द्वारा ‘खेलो हिमाचल: चिट्टा मुक्त अभियान 2026’ की शुरुआत की गई है।

यह राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, हॉकी, बैडमिंटन, कुश्ती, एथलेटिक्स एवं रसाकस्सी जैसे लोकप्रिय खेलों के माध्यम से प्रदेश के सभी 12 जिलों में आयोजित की जा रही है। इस अभियान में शामिल होने के लिए खिलाड़ियों की आयु सीमा 15 से 30 वर्ष तय की गई है और इसमें पुरुष व महिला दोनों वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले सकते हैं।

युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने इस बार हर स्तर पर आकर्षक पुरस्कार राशि की घोषणा की है। जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी रमा शर्मा ने बताया कि तीन चरणों में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता के तहत उप-मंडल स्तर पर विजेता टीमों को ₹51,000, उपविजेता को ₹41,000 व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को ₹31,000, जिला स्तर पर प्रथम आने वाली टीम को क्रमशः ₹2 लाख, ₹1.50 लाख व ₹1 लाख और राज्य स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल करने वाली टीम को ₹31 लाख, ₹15 लाख व ₹10 लाख तक की भव्य नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इस बड़े मंच पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने और अपना हुनर दिखाने के लिए युवाओं के पास एक शानदार अवसर है।

इस प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक सभी खिलाड़ियों और टीमों के लिए विभाग ने ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक वेबसाइट khelohimachal.hp.gov.in पर जाकर अपना पंजीकरण निशुल्क करवा सकते हैं। प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 नवंबर 2026 है, इसलिए सभी खिलाड़ी समय रहते अपनी प्रविष्टियां सुनिश्चित कर लें व अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नंबर 01702-224176 एवं 7018290424 पर संपर्क कर सकते है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।