नाहन : सिरमौर जिले के रेणुकाजी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कोटी धीमान में प्रशासन के ‘खुला दरबार’ कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति द्वारा हंगामा करने, गाली-गलौज करने और पूर्व जन प्रतिनिधि को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है
पुलिस को दी गई शिकायत में कोटी धीमान निवासी सुरेन्द्र सिंह (पुत्र हुक्म चंद), जो कि 2016 से 2020 तक ग्राम पंचायत कोटी धीमान के प्रधान और 2021 से 2025 तक जिला परिषद सदस्य रह चुके हैं, उन्होंने बताया कि गत 8 अक्टूबर को गांव में ‘प्रशासन जनता के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान वीरेंद्र सिंह (पुत्र रणदीप सिंह, निवासी कोटी धिमान) वहां आया और उसने उनके साथ गाली-गलौज, हाथापाई तथा जान से मारने की धमकी दी।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी से उनके पूरे परिवार को जान का खतरा बना हुआ है। आरोप लगाया गया है कि आरोपी पहले भी इस तरह की हरकतों में शामिल रहा है और मामला पुलिस के संज्ञान में भी आ चुका है। एक पूर्व जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
मामले की पुष्टि करते हुए सिरमौर के पुलिस अधीक्षक (SP) निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगामी जांच जारी है।