सिरमौर: माय भारत की जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित

Photo of author

By पंकज जयसवाल

सिरमौर : माय भारत सिरमौर के युवा कार्यक्रमों से संबंधित जिला सलाहकार समिति की दूसरी बैठक आज उपायुक्त कार्यालय, सिरमौर में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सिरमौर एकता काप्टा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में गत तिमाही के दौरान माय भारत द्वारा संचालित विभिन्न युवा-केंद्रित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।

बैठक में फ्यूचर लीडरशिप बूटकैंप, विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (वीबीवाईएलडी) क्विज, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक प्रशिक्षण, सेवा पखवाड़ा, नशा मुक्त युवा जिला स्तरीय प्रतियोगिता तथा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित गतिविधियों सहित विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति एवं इनके माध्यम से युवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए किए गए प्रयासों की समीक्षा की गई।

बैठक में आगामी कार्यक्रमों पर भी विस्तृत चर्चा की गई, जिनमें वंदे मातरम् कैंप, वीबीवाईएलडी सांस्कृतिक चरण, खंड एवं जिला स्तरीय खेल गतिविधियां तथा अंतर-जिला युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम प्रमुख हैं। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को माय भारत की पहलों के साथ बेहतर अंतर-विभागीय समन्वय एवं अभिसरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि युवा-केंद्रित कार्यक्रमों का लाभ अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंच सके तथा उन्हें सहभागिता, नेतृत्व और व्यक्तित्व विकास के सार्थक अवसर प्राप्त हो सकें।

बैठक में माय भारत के आगामी अनुभवात्मक अधिगम कार्यक्रमों पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने सभी विभागों से माय भारत स्वयंसेवकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने तथा उन्हें व्यावहारिक एवं अनुभवात्मक अधिगम के अवसर उपलब्ध करवाने का आग्रह किया गया, ताकि स्वयंसेवक विभिन्न सरकारी योजनाओं, कार्यक्रमों एवं विभागीय पहलों के संचालन की कार्यप्रणाली से प्रत्यक्ष रूप से परिचित हो सकें।

बैठक का समापन सिरमौर जिला में युवाओं की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने तथा युवा-केंद्रित पहलों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता के साथ हुआ। बैठक का संचालन जिला युवा अधिकारी अमृषा शर्मा ने किया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।