सिरमौर : राजगढ़ में घर के बाहर से गुजर रहे युवक पर महिला ने छोड़े कुत्ते, मामला दर्ज

नाहन : राजगढ़ के तहत आने वाले डूब्लू क्षेत्र में पालतू कुत्तों से एक युवक को कटवाने और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ पुलिस थाना राजगढ़ में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कनेच (कथौडी), डाकघर व तहसील राजगढ़ निवासी शुभम पुत्र सुनील ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि 30 जुलाई को वह राजगढ़ से अपने घर की ओर लाहरब सड़क से पैदल जा रहा था। जब वह डूब्लू में आरुषि धवन के घर के गेट के पास पहुँचा, तो वहाँ खड़ी महिला ने उसे रोक लिया। महिला ने युवक से कहा कि यह उसकी निजी ज़मीन है और यहाँ से कोई सार्वजनिक रास्ता नहीं है, इसलिए वह यहाँ से न आए।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उसने अपने घर जाने की बात कही, तो महिला ने बेवजह बहसबाजी शुरू कर दी। इसके बाद महिला ने अपने घर का गेट खोल दिया, जहाँ से 4-5 कुत्ते भौंकते हुए बाहर आए और उनमें से 1-2 कुत्तों ने उसकी टांग पर काट लिया। पीड़ित का कहना है कि महिला ने जानबूझकर अपने पालतू कुत्तों से उस पर हमला करवाया और उसके साथ गाली-गलौज भी की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दिया है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।