सिरमौर: रेणुका जी में फेसबुक पेज पर आपत्तिजनक वीडियो व धमकी मामले में तीन पर FIR

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर स्थानीय विधायक विनय कुमार के खिलाफ कथित गबन के आरोप लगाने, अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने तथा धमकियां देने के मामले में पुलिस थाना रेणुका जी में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई संगड़ाह निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर अमल में लाई गई है।

जानकारी के अनुसार, आज पुलिस थाना रेणुका जी में सोम प्रकाश पुत्र जीत सिंह, निवासी गांव व डाकघर संगड़ाह, तहसील संगड़ाह (जिला सिरमौर) ने लिखित शिकायत दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता के अनुसार, राजिन्द्र कुमार द्वारा फेसबुक पेज ‘कृति भूमि’ पर कुछ वीडियो अपलोड किए गए हैं। आरोप है कि इन वीडियो में विधायक विनय कुमार पर 10 लाख रुपये में से 8 लाख रुपये के कथित गबन के बेबुनियाद आरोप लगाए गए हैं और उनके खिलाफ आपत्तिजनक व अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि वीडियो के माध्यम से रेणुका झील में चलने वाली नौकाओं को हटाने और झील के आसपास के 100 मीटर क्षेत्र को खाली करवाने की धमकी दी गई है। इसके साथ ही वीडियो में आमने-सामने होने और लोगों को सबक सिखाने जैसे धमकी भरे बयान भी दिए गए हैं।

शिकायतकर्ता सोम प्रकाश ने आरोप लगाया कि ये आपत्तिजनक वीडियो फेसबुक पेज ‘कृति भूमि’ के मालिक सतीश कुमार और एडिटर मनजीत कौर की मिलीभगत और भूमिका से सार्वजनिक किए गए हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया जाए, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए तथा संबंधित फेसबुक पेज को ब्लॉक कर आपत्तिजनक सामग्री को हटवाया जाए।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना रेणुका जी में शिकायत के आधार पर मामला पंजीकृत कर लिया गया है और पुलिस द्वारा मामले के सभी पहलुओं की गहनता से आगामी जांच की जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed