शिमला: हिमाचल प्रदेश में अब जमीन और संपत्ति की रजिस्ट्री करवाने के लिए लोगों को दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और न ही लंबी कतारों में लगना होगा। प्रदेश सरकार ने संपत्ति पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल, तेज और पारदर्शी बनाने के लिए उप-पंजीयक कार्यालयों को पासपोर्ट सेवा केंद्रों की तर्ज पर आधुनिक ‘पंजीकरण सेवा केंद्रों’ के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। डिजिटल इंडिया भूमि अभिलेख आधुनिकीकरण कार्यक्रम (डीआईएलआरएमपी 3.0) के तहत पहले चरण में शिमला, सोलन, कांगड़ा और सिरमौर जिलों के अधिक कार्यभार वाले उप-पंजीयक कार्यालयों को आधुनिक बनाया जाएगा। इसके लिए सरकार ने प्रति कार्यालय 50 लाख रुपये की वित्तीय सहायता का प्रावधान किया है।

टोकन सिस्टम से लेकर बायोमीट्रिक तक, एक ही छत के नीचे मिलेंगी सुविधाएं
इन नए पंजीकरण सेवा केंद्रों में आम लोगों को एक ही छत के नीचे सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इनमें अत्याधुनिक प्रतीक्षालय, समर्पित सहायता डेस्क, नागरिक सुविधा काउंटर, डिजिटल कतार प्रबंधन प्रणाली और टोकन जनरेशन की सुविधा शामिल होगी। इसके अलावा दफ्तरों में बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण, आधुनिक दस्तावेज स्कैनर, सीसीटीवी निगरानी और अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए भी विशेष प्रावधान किए जाएंगे, ताकि उन्हें रजिस्ट्री करवाने में किसी तरह की परेशानी न हो।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार दस्तावेजों के कम्प्यूटरीकृत पंजीकरण के लिए पहले ही राष्ट्रीय सामान्य दस्तावेज पंजीकरण प्रणाली (एनजीडीआर) को अपना चुकी है। इसके साथ ही नागरिकों को सुविधाजनक तरीके से पंजीकरण विलेख (एमएचएम) तैयार करने में सक्षम बनाने के लिए ‘माई डीड’ सुविधा भी शुरू की गई है। अब बेहतर बुनियादी ढांचे के जुड़ने से यह पूरी प्रक्रिया और अधिक सुगम हो जाएगी।
जिला स्तर पर बनेंगी समितियां, हर दफ्तर का तैयार होगा अलग खाका
प्रत्येक कार्यालय की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाएं विकसित करने के लिए राजस्व विभाग चिन्हित उप-पंजीयक कार्यालयों का विस्तृत आकलन करेगा। इसके लिए जिला स्तर पर विशेष समितियों का गठन किया जाएगा। इन समितियों में संबंधित एसडीएम, अधिशासी अभियंता, तहसीलदार और उपायुक्त द्वारा नामित एक आईटी विशेषज्ञ को शामिल किया जाएगा। ये समितियां मौजूदा ढांचे का मूल्यांकन कर निर्माण कार्यों तथा सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) से जुड़ी जरूरतों की पहचान करेंगी। साथ ही प्रत्येक कार्यालय के लिए अलग-अलग लागत अनुमान और बेहतर कार्यप्रणाली की सिफारिश भी करेंगी।
अनावश्यक देरी पर लगेगी रोक, बढ़ेगी पारदर्शिता: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक तकनीक के माध्यम से सुशासन को और अधिक मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संपत्ति पंजीकरण एक महत्वपूर्ण जनसेवा है, जिसका संबंध नागरिकों के जीवन के अहम पड़ावों से होता है। सरकार का विशेष ध्यान इस प्रक्रिया को सरल व व्यवस्थित करने और इसमें लगने वाले समय को कम करने पर है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि पंजीकरण सेवा केंद्रों के माध्यम से लोगों को आधुनिक जनसुविधाएं मिलेंगी, पारदर्शिता बढ़ेगी और अनावश्यक विलंब पर अंकुश लगेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने बीते चार वर्षों के दौरान जनसेवाओं में सुधार के लिए निरंतर प्रयास किए हैं और भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने के लिए आधुनिक तकनीक को अपनाने का सिलसिला जारी रहेगा।