हमीरपुर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को हमीरपुर जिले के नादौन क्षेत्र के मझयार में सेरा से हमीरपुर के लिए नए बस रूट का शुभारंभ किया। इस नई बस सेवा के शुरू होने से हमीरपुर, नादौन, सेरा और आसपास के कई गांवों के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है।

मरीजों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को मिलेगी बड़ी राहत
इस नए बस रूट के शुरू होने से क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इस सेवा का सबसे बड़ा लाभ डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, जोल सप्पड़ आने-जाने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को मिलेगा। इसके अलावा विद्यार्थियों, कर्मचारियों और रोजाना सफर करने वाले ग्रामीणों के समय की बचत होगी और शिक्षा, स्वास्थ्य व प्रशासनिक संस्थानों तक उनकी पहुंच अधिक सुगम बन सकेगी।
HRTC को आत्मनिर्भर बनाने के लिए इलेक्ट्रिक बसों पर जोर
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक, किफायती और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से सरकार ने अपने पहले ही बजट में हिमाचल को हरित ऊर्जा राज्य बनाने का संकल्प लिया था और इसी दिशा में इलेक्ट्रिक वाहनों को प्राथमिकता दी जा रही है।
सुक्खू ने कहा कि सरकार हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। वेतन, पेंशन और अन्य भारी वित्तीय दायित्वों के चलते निगम की परिचालन लागत को कम करना बेहद जरूरी है। डीजल बसों की तुलना में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन काफी किफायती है, जिससे निगम की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार 1,000 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद करेगी और आने वाले वर्षों में भी चरणबद्ध तरीके से निगम के बेड़े में और इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी।
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में जारी रहेगा डीजल बसों का संचालन
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियां अन्य राज्यों से अलग हैं। ऐसे में प्रदेश के दुर्गम, दूरदराज और कठिन पहाड़ी क्षेत्रों में, जहां तकनीकी या भौगोलिक कारणों से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन चुनौतीपूर्ण हो सकता है, वहां निर्बाध सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए डीजल बसों की आवश्यकता बनी रहेगी। सरकार इलेक्ट्रिक और डीजल बसों के बीच संतुलित समन्वय बनाकर प्रदेश के हर कोने में बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करवाएगी।