सोलन की बेटी युक्ति कुमारी का हाई-परफॉरमेंस कैंप के लिए चयन, बेंगलुरु में दिखाएंगी दम

शिमला : हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) की होनहार खिलाड़ी युक्ति कुमारी ने अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा बेंगलुरु स्थित ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (CoE) में आयोजित किए जाने वाले अंडर-15 लड़कियों के हाई-परफॉरमेंस कैंप के लिए युक्ति का चयन किया गया है। सोलन जिले से संबंध रखने वाली युक्ति कुमारी इस प्रतिष्ठित कैंप में भाग लेकर अपनी खेल तकनीक और कौशल को और अधिक निखारेंगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, यह विशेष प्रशिक्षण शिविर 18 मई से 11 जून 2026 तक बीसीसीआई के बेंगलुरु केंद्र में चलेगा। युक्ति को कैंप की औपचारिक शुरुआत से एक दिन पहले, यानी 17 मई 2026 की दोपहर तक वेन्यू पर रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। बीसीसीआई द्वारा आयोजित यह कैंप युवा खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में अभ्यास करने का एक बेहतरीन मंच प्रदान करता है।

हालांकि, मुख्य कैंप के लिए बेंगलुरु रवाना होने से पहले युक्ति कुमारी को फिटनेस के कड़े मापदंडों से गुजरना होगा। एचपीसीए के नियमों के मुताबिक, धर्मशाला स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में उनकी शारीरिक फिटनेस का आकलन किया जाएगा। धर्मशाला में फिटनेस टेस्ट सफलतापूर्वक पास करने के बाद ही उन्हें बेंगलुरु में आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी।

युक्ति कुमारी की इस बड़ी उपलब्धि पर एचपीसीए प्रबंधन और प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर है। एचपीसीए परिवार की ओर से उन्हें इस चयन के लिए हार्दिक बधाई दी है ।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।