सोलन: हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे राज्यव्यापी एंटिचिट्टा अभियान के अंतर्गत गुरुवार को गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोलन में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन, डॉ. अजय पाठक ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की और युवाओं को नशे की गर्त से दूर रहने का मूलमंत्र दिया।

समारोह के दौरान मुख्य वक्ता डॉ. अजय पाठक ने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में तेजी से फैल रहे घातक नशे चिट्टा सहित अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर शारीरिक, मानसिक, सामाजिक तथा आर्थिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को सचेत करते हुए कहा कि नशा न केवल एक व्यक्ति के स्वास्थ्य और शिक्षा को बर्बाद करता है, बल्कि उसके पूरे परिवार और उज्ज्वल भविष्य को भी अंधकार में धकेल देता है। उन्होंने युवा पीढ़ी से आह्वान किया कि वे न केवल स्वयं हर प्रकार के नशे से दूर रहें, बल्कि अपने परिवार, मित्रों और समाज में भी नशामुक्ति का संदेश फैलाने के लिए ब्रांड एंबेसडर के रूप में कार्य करें।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में विद्यार्थियों ने नशे के जाल और इसके दुष्प्रभावों से संबंधित कई व्यावहारिक प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. अजय पाठक ने वैज्ञानिक तथ्यों और बेहद सरल उदाहरणों के आधार पर संतोषजनक उत्तर देकर छात्रों की जिज्ञासाओं को शांत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी तरह के प्रलोभन या दबाव में न आने और एक स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का विद्यार्थी ही कल का जिम्मेदार नागरिक है। यदि हमारा युवा वर्ग नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहेगा, तभी हमारे परिवार, समाज और राष्ट्र का भविष्य सुरक्षित एवं समृद्ध हो पाएगा। उन्होंने कहा कि यह हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है कि हम स्वयं को सुरक्षित रखें और दूसरों को भी जागरूक करें। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंधन ने सीएमओ डॉ. अजय पाठक का बहुमूल्य मार्गदर्शन के लिए सहृदय आभार व्यक्त किया, वहीं विद्यार्थियों ने भी इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए एक नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने का दृढ़ संकल्प लिया।