सोलन के समलेच में सभ्य री-फॉरेस्टर्स के 11वें वार्षिक पौधरोपण अभियान का शुभारंभ

Photo of author

By Hills Post

सोलन: हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने सोलन जिला के समलेच गांव में सभ्य री-फॉरेस्टर्स संस्था द्वारा आयोजित 11वें वार्षिक पौधरोपण अभियान के शुभारंभ समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि पौधरोपण अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि मानवता के सुरक्षित भविष्य के लिए किया गया एक दृढ़ संकल्पित सामूहिक प्रयास है। आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मूल्यवान विरासत बनता है।

पेड़ों को जीवन का आधार बताते हुए राज्यपाल ने कहा कि वृक्ष हमें स्वच्छ वायु प्रदान करने के साथ-साथ जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल पौधा लगा देना काफी नहीं है; इसका वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है जब हम उसकी नियमित देखभाल करते हुए उसे एक स्वस्थ वृक्ष बनने तक पोषित करें। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाएं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान ने पर्यावरण संरक्षण को एक व्यापक जन आंदोलन का रूप दे दिया है। जलवायु परिवर्तन के कारण हो रही अनियमित वर्षा, बादल फटने, भूस्खलन, ग्लेशियरों के सिकुड़ने और बढ़ते तापमान जैसी गंभीर चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वनीकरण, जल संरक्षण, स्वच्छता, नवीकरणीय ऊर्जा और सिंगल-यूज़ प्लास्टिक में कमी लाने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। उन्होंने स्कूलों, कॉलेजों, पंचायती राज संस्थाओं, नगर निकायों और उद्योगों से पर्यावरण संरक्षण को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।

समारोह के दौरान राज्यपाल ने अभियान के अंतर्गत आयोजित चित्रकला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। स्कूली विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर आधारित एक प्रभावकारी लघु नाटक का मंचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के विशेष अतिथि श्याम जाजू ने पिछले 11 वर्षों से निरंतर पौधरोपण और पौधों की उचित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए सभ्य री-फॉरेस्टर्स संगठन के प्रयासों की प्रशंसा की। इस अवसर पर उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक एस.डी. वर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष शीला कुमारी, नगर निगम सोलन की महापौर सुषमा शर्मा, सभ्य री-फॉरेस्टर्स के अध्यक्ष अजय, महासचिव रिपु दमन सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।