सोलन: भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माई भारत) तथा प्रोजेक्ट प्वाइंट के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को सोलन स्थित साई संजीवनी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ का गरिमामय शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर संस्थान की 100 से अधिक छात्राओं व युवाओं ने नशामुक्त जीवनशैली अपनाने और देश के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के युवा संवाद से सीधा जुड़ाव रहा। संस्थान में उपस्थित सभी प्रतिभागियों और गणमान्य अतिथियों ने प्रधानमंत्री का वर्चुअल संबोधन सुना। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं से नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने, स्वास्थ्यप्रद जीवनशैली अपनाने तथा वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री के संबोधन से पूर्व सभी युवाओं ने एक स्वर में नशा मुक्त भारत की शपथ ली और स्वयं को नशे से दूर रखने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों व समाज को जागरूक करने का प्रण लिया।
इस विशेष अवसर पर साई संजीवनी इंस्टीट्यूट के प्रबंध निदेशक (MD) डॉ. संजय अग्रवाल, डॉ. सविता अग्रवाल तथा भारत विकास परिषद के प्रांतीय संगठन सचिव डॉ. रामगोपाल शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने युवाओं को समाज सुधार की दिशा में निरंतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रीय युवा योजना के प्रदेश समन्वयक एवं प्रोजेक्ट प्वाइंट के सदस्य यशपाल सिंह कपूर ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा और राष्ट्र निर्माण की सोच ही विकसित भारत की नींव है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशा मुक्ति के इस पावन संदेश को घर-घर तक पहुँचाकर इसे एक व्यापक जनआंदोलन का रूप दें।