सोलन कॉलेज में अंतरिक्ष विज्ञान पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

Photo of author

By Hills Post

सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन के भौतिक विज्ञान विभाग द्वारा अंतरिक्ष विज्ञान पर एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला के मुख्य वक्ता एवं मुख्य संसाधन व्यक्ति हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के भौतिक विज्ञान विभाग के पूर्व प्रोफेसर तथा IAPT के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. पी.के. अहलूवालिया रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय के लगभग 200 विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यशाला में सक्रिय सहभागिता दर्ज की।

प्रो. अहलूवालिया ने विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, खगोल भौतिकी तथा ब्रह्मांड से जुड़े विभिन्न रोचक एवं जटिल वैज्ञानिक विषयों पर बेहद महत्वपूर्ण और ज्ञानवर्धक जानकारियां प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों के भीतर वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा अंतरिक्ष विज्ञान एवं शोध के क्षेत्र में अपनी रुचि बढ़ाने के लिए उन्हें गहराई से प्रेरित किया।

इस आयोजन ने छात्र-छात्राओं को अंतरिक्ष विज्ञान और खगोल भौतिकी के क्षेत्र में नवीनतम वैज्ञानिक अवधारणाओं को बहुत करीब से समझने तथा एक प्रख्यात विशेषज्ञ के साथ सीधे संवाद करने का सुनहरा अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में भौतिक विज्ञान विभाग ने इस सफल आयोजन में बहुमूल्य सहयोग देने के लिए प्रो. पी.के. अहलूवालिया, IAPT और OSA का हार्दिक आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. जगदीश चंद, डॉ. अनिल ठाकुर, डॉ. शालिनी शर्मा और डॉ. ईश्वर दत्त सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।