सोलन: जिला सोलन पत्रकार संघ का जनरल हाउस शुक्रवार को प्रेस रूम सोलन में संपन्न हुआ। बैठक की अध्यक्षता संघ अध्यक्ष पुनीत वर्मा ने की, जबकि महासचिव अश्विनी शर्मा ने कार्यवाही का संचालन किया। जनरल हाउस में बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लेकर संगठनात्मक गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक की शुरुआत संघ की पिछली गतिविधियों की समीक्षा से हुई। इस दौरान पत्रकार संघ द्वारा आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं, जिनमें चेस,ब्रिज, बैडमिंटन और क्रिकेट लीग प्रमुख रहे, पर विस्तार से जानकारी साझा की गई। प्रतियोगिताओं के आयोजन में हुए खर्च, उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और व्यवस्थाओं का ब्यौरा भी हाउस के समक्ष रखा गया। जनरल हाउस में आगामी महीनों में आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई। निर्णय लिया गया कि जुलाई माह में पत्रकारों के लिए शतरंज, केरम और ब्रिज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके बाद बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, ताकि पत्रकारों को खेल गतिविधियों के माध्यम से आपसी समन्वय और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का अवसर मिल सके।
बैठक के दौरान उपस्थित पत्रकारों ने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। सदस्यों ने पत्रकार हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी अपने विचार साझा किए और संघ की गतिविधियों को और व्यापक बनाने पर जोर दिया। इसके आलावा हाउस में नए सदस्यों को जोड़ने पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर जिला सोलन पत्रकार संघ के अध्यक्ष पुनीत वर्मा ने सभी सदस्यों का बैठक में सक्रिय भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार संघ लगातार संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकारों को एक मंच पर जोड़ने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी संघ इसी प्रकार विभिन्न रचनात्मक और खेल गतिविधियों का आयोजन करता रहेगा।
पुनीत वर्मा ने कहा कि आगामी वर्ष में भी पिछले वर्ष की भांति शतरंज, बैडमिंटन, क्रिकेट सहित अन्य खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उनका कहना था कि ऐसे आयोजनों से पत्रकारों के बीच भाईचारा, समन्वय और सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा मिलता है, जो संगठन की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है।
जनरल हाउस का समापन संगठन की एकजुटता और भविष्य की योजनाओं को सफल बनाने के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर ज्ञान ठाकुर, पवन ठाकुर, विशाल वर्मा, सोमदत्त शर्मा, संजय हिन्दवान, सतीश शर्मा,अमित डोभाल, अमित चोपडा रीता, भावना, दीपक, तोमर ठाकुर, धर्मपाल ठाकुर, कमलेश कुमार, ललित कश्यप, रबनीत, अमरप्रीत पुंज, करण ठाकुर, नेहा शर्मा, वेद, राम कुमार, पूनम शर्मा, संजीव,आशीष, कविराज, हेमंत अतरी, दीप कुमार, सतीश दिप्टा, विवेक वर्मा, अनिल राजपूत सहित कई अन्य पत्रकार मौजूद रहे।