सोलन पत्रकार संघ की बैडमिंटन प्रतियोगिता का शानदार समापन

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला सोलन पत्रकार संघ द्वारा आयोजित दो दिवसीय रोमांचक बैडमिंटन प्रतियोगिता का शनिवार को भव्य समापन हुआ। हिमानी होटल में आयोजित इस समापन समारोह में रणनीतिकार अरविंद कंवर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि विशेष अतिथि के रूप में जसवीन सिंह लांबा ने शिरकत की। इसके अलावा, क्लोजिंग सेरेमनी में गुरप्रीत सिंह और विजेंद्र सिंह चंदेल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि अरविंद कंवर ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार चुनौतियां बढ़ रही हैं, बावजूद इसके पत्रकार अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभा रहे हैं। उन्होंने खुद को एक पुराने पत्रकार के रूप में याद करते हुए कहा कि वे इस आयोजन में किसी अतिथि के रूप में नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य के रूप में शामिल हुए हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि खेल और स्वास्थ्य का आपस में गहरा संबंध है, इसलिए पत्रकारों को अपने व्यस्त कामकाज के बीच से खेलों के लिए भी समय जरूर निकालना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए 31 हजार रुपये देने की घोषणा की, वहीं विशेष अतिथि जसवीन सिंह लांबा ने 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।

प्रतियोगिता के दौरान सभी श्रेणियों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मेन्स सिंगल्स फाइनल के रोमांचक फाइनल मुकाबले में संजय हिंदवान ने ललित कश्यप को 2-0 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। करीब दो साल बाद उन्होंने एक बार फिर सिंगल्स का फाइनल जीतकर यह ट्रॉफी अपने नाम की। विजेता संजय हिंदवान को ट्रॉफी के साथ 2500 रुपये नकद और उपविजेता ललित कश्यप को 1500 रुपये व ट्रॉफी प्रदान की गई।

मेन्स डबल्स के फाइनल मुकाबले में संजय हिंदवान और मोहन चौहान की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ललित कश्यप और विवेक भारती की जोड़ी को हराकर खिताब जीता। विजेता जोड़ी को 3100 रुपये और ट्रॉफी तथा उपविजेता जोड़ी को 2100 रुपये व ट्रॉफी दी गई।

महिला वर्ग के सिंगल्स मुकाबले में भावना ने विजेता का खिताब अपने नाम किया (1100 रुपये व ट्रॉफी), जबकि रीता उपविजेता रहीं (500 रुपये व ट्रॉफी)। सिंगल्स में तोमर ठाकुर तथा डबल्स में विशाल वर्मा और कमलेश कुमार की जोड़ी तीसरे स्थान पर रही, जिन्हें 1100-1100 रुपये नकद और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।

जिला सोलन पत्रकार संघ के अध्यक्ष पुनीत वर्मा ने सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन आपसी मेल-जोल को बढ़ाते हैं। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि पत्रकारों ने खेल मैदान में जिस प्रकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, उससे यह साबित होता है कि पत्रकार केवल कलम के ही नहीं, बल्कि खेल के मैदान के भी पक्के खिलाड़ी हैं। स्पोर्ट्स कमेटी के अध्यक्ष वेद आर्य ने भी प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों और वरिष्ठ पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।

समारोह के दौरान प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भानु वर्मा, पवन ठाकुर, सुखदर्शन ठाकुर, अमित डोभाल, अमित चोपड़ा, अमरप्रीत पुंज, धर्मेन्द्र डडवाल, धर्मपाल ठाकुर, अशोक वर्धन, हेमंत अत्रि, प्रीति शर्मा, भाविता जोशी, दीप कुमार, दीपक ठाकुर, सतीश दीप्टा, हृदयाल, राम कुमार, राजेश राज, सुनील कुमार और सुरेन्द्र भट्टी सहित संघ के कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।