सोलन पत्रकार संघ ने आयोजित की इनडोर खेल प्रतियोगिता, कैरम, ब्रिज और चेस में पत्रकारों ने दिखाया दम

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला सोलन पत्रकार संघ द्वारा शनिवार को पत्रकारों के मानसिक तनाव को दूर करने तथा आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एकदिवसीय इनडोर खेल प्रतियोगिता (कैरम, ब्रिज और चेस) का सफल आयोजन किया गया। सुबह 9:00 बजे शुरू हुई यह प्रतियोगिता शाम 5:30 बजे तक चली। पूरे दिन चले रोमांचक मुकाबलों में जिले भर से आए पत्रकारों ने खेल भावना, आपसी सौहार्द और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में सेवानिवृत्त मेजर अतुल मेहता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी व नकद पुरस्कार प्रदान किए तथा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी पत्रकारों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में सोलन पत्रकार संघ के अध्यक्ष पुनीत वर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि पत्रकारिता का क्षेत्र अत्यधिक व्यस्तता, भागदौड़ और मानसिक तनाव से भरा होता है। दिन-रात खबरों की कवरेज और सामाजिक दायित्वों के बीच पत्रकारों को अपने लिए समय निकालना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में इस तरह के खेल आयोजन न केवल तनाव को कम करते हैं, बल्कि पत्रकारों के बीच आपसी मेलजोल, टीम भावना और समन्वय को भी मजबूत करते हैं।

विभिन्न खेलों के कड़े व रोमांचक मुकाबलों के बाद ब्रिज प्रतियोगिता में अमरप्रीत पुंज और हरदयाल की जोड़ी ने पहला स्थान (विजेता) हासिल किया, जबकि पुनीत वर्मा और मोहन चौहान की जोड़ी उपविजेता रही। कैरम प्रतियोगिता में संजय हिन्दवान और हेमंत अत्रि की जोड़ी विजेता बनी। वहीं कमलेश कुमार और वेद आर्या की जोड़ी ने उपविजेता का खिताब प्राप्त किया।

कैरम प्रतियोगिता महिला वर्ग में नेहा शर्मा ने पहला स्थान हासिल कर खिताब अपने नाम किया, जबकि पूनम शर्मा उपविजेता रहीं।चेस प्रतियोगिता में पुनीत वर्मा ने अपनी बेहतरीन चालों से उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि राजेश राज उपविजेता रहे।

मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त मेजर अतुल मेहता ने उपस्थित पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होने के नाते पत्रकार देश और समाज की दिशा तय करने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग सेना की स्पेशल फोर्स को ही सबसे विशेष मानते हैं, लेकिन समाज में पत्रकारों की भूमिका भी किसी स्पेशल फोर्स से कम नहीं है। चौथा पिलर बाकी सभी पिलरों को पीछे छोड़ने की क्षमता रखता है। पत्रकार अपनी कलम और साहस के दम पर ऐसे युद्ध जीतते हैं, जिन्हें हथियारों से भी जीतना संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि निष्पक्ष पत्रकारिता ने कई बड़े सामाजिक आंदोलनों को जन्म दिया है और सत्ता तक को हिलाया है। पत्रकार सच सामने लाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालते हैं, इसलिए वे वास्तव में कलम के वीर हैं।

इस खेल महाकुंभ में सोलन जिले के अनेक वरिष्ठ पत्रकार एवं छायाकार मौजूद रहे। इनमें ज्ञान सुमन, पवन ठाकुर, मोहन चौहान, सोमदत्त शर्मा, संजय हिन्दवान, सुखदर्शन ठाकुर, अमित चोपड़ा, यशपाल कपूर, रीता ठाकुर, अमित डोभाल, वेद आर्या, ललित कश्यप, कमलेश कुमार, तोमर ठाकुर, दीप कुमार, राजेश राज, सुनील कुमार (हैप्पी), करण ठाकुर, हेमंत अत्रि, कविराज, अमरप्रीत पुंज, हरदयाल, सुनील कुमार, सतीश दीपता, विवेक भारती, नेहा शर्मा, भावना ओबेरॉय, पूनम शर्मा, मुकेश और सुरेंद्र भट्टी सहित अन्य सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।