सोलन पुलिस ने चिट्टा किंग को जीरकपुर से किया गिरफ्तार, हिमाचल के 600 युवा थे संपर्क में

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला सोलन पुलिस थाना सदर की टीम ने चिट्टा (हेरोइन) तस्करी के एक खूंखार संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए इसके मुख्य सप्लायर को पंजाब से दबोच लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल भोरिया आयु 30 वर्ष पुत्र श्री राम कुमार, निवासी गांव व डाकघर मटौर छोटा बागड़, तहसील कलायत, जिला कैथल हरियाणा के रूप में हुई है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में चिट्टा और कैश बरामद हुआ है। पुलिस जांच में जो खुलासे हुए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले और डराने वाले हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सदर थाना सोलन में दर्ज नशे के एक पुराने मामले की तफ्तीश के दौरान पूर्व में एक स्थानीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने जब उस आरोपी का मोबाइल फोन खंगाला, तो नशा तस्करी की कड़ियां जुड़ती चली गईं। पुलिस की टेक्निकल सेल ने आरोपी के कॉल डिटेल रिकॉर्ड, व्हाट्सएप चैट्स और मोबाइल डेटा का विस्तृत व वैज्ञानिक विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी हरियाणा के कलायत क्षेत्र के राहुल भोरिया के साथ लगातार संपर्क में था। दोनों के बीच व्हाट्सएप पर नशे की खेप और पैसों के लेनदेन को लेकर नियमित बातचीत होती थी।

पुख्ता तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाने के बाद सोलन पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर जाल बिछाया। सदर पुलिस सोलन की एक विशेष टीम ने जाल बिछाकर बीते 11 जून को मुख्य सप्लायर राहुल भोरिया को ढकोली, जीरकपुर पंजाब से धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 38 ग्राम चिट्टा, ₹35,900/- की नकद राशि बरामद हुई हैं।

तकनीकी साक्ष्यों और प्रारंभिक पूछताछ में यह बेहद डरावना तथ्य सामने आया है कि इस अंतरराज्यीय तस्कर के संपर्क में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों विशेषकर सोलन, सिरमौर और शिमला के लगभग 500 से 600 लोग थे। यह तस्कर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से इन युवाओं को चिट्टे की सप्लाई कर उन्हें मौत के मुंह में धकेल रहा था। सोलन पुलिस अब इन सभी 600 मोबाइल नंबरों और व्यक्तियों की भूमिका का बारीकी से सत्यापन कर रही है।

आरोपी राहुल भोरिया कोई आम अपराधी नहीं है, बल्कि वह नशा तस्करी की दुनिया का मंझा हुआ खिलाड़ी है। सोलन पुलिस द्वारा जब उसका आपराधिक इतिहास खंगाला गया, तो पता चला कि उसके खिलाफ इससे पहले भी पंजाब और हरियाणा के विभिन्न थानों में मादक पदार्थ तस्करी (NDPS Act) के 5 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या आरोपी ने इस अवैध धंधे से हिमाचल, पंजाब या हरियाणा में कोई बेनामी संपत्ति अर्जित की है। रिमांड के दौरान पुलिस यह उगलवाएगी कि इस नेटवर्क में उसके साथ और कौन से बड़े वितरक और एजेंट शामिल हैं। मामले में पुलिस की आगामी कार्रवाई युद्ध स्तर पर जारी है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।