सोलन: शहर में बहुचर्चित अमन उर्फ मन्नी की हत्या के मामले में पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है और इस सनसनीखेज वारदात से जुड़े कई अहम पहलू सामने आए हैं। प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि मृतक और आरोपियों के बीच नशे के कारोबार से जुड़े पैसों के लेन-देन को लेकर पहले से ही विवाद और आपसी रंजिश चली आ रही थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते घटना से पूर्व भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो चुका था।

पुलिस जांच के मुताबिक, घटना वाले दिन दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर किसी बात को लेकर तीखी बहस और विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक मारपीट में बदल गया। इसी दौरान मुख्य आरोपी ने तेजधार हथियार (चाकू) से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे गंभीर रूप से घायल हुए अमन उर्फ मन्नी की मौत हो गई। इस झड़प और हाथापाई के दौरान आरोपियों को भी मामूली चोटें आने की बात सामने आई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों तथा आरोपियों से की जा रही गहन पूछताछ के आधार पर की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस हत्याकांड में और कौन-कौन लोग संलिप्त थे तथा नशे के इस अवैध नेटवर्क के तार कहां-कहां जुड़े हैं। मामले में आगामी जांच जारी है।