सोलन: हिमाचल प्रदेश स्कूल लेक्चरर्स एसोसिएशन जिला सोलन के एक विशेष प्रतिनिधिमंडल ने नवनियुक्त उप शिक्षा निदेशक (उच्च) मधु जनारथा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें सोलन जिले में पदभार ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई दी और गुलदस्ता भेंट कर उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

इस शिष्टाचार भेंट और बैठक का नेतृत्व स्कूल प्रवक्ता संघ के जिला अध्यक्ष जय लाल जलपाईक ने किया। बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से जिला महासचिव हेमंत कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष विजय कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रविंद्र कुमार, कुलदीप चंदेल तथा मुख्य संरक्षक चंद्र देव ठाकुर सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुलाकात के दौरान स्कूल प्रवक्ता संघ ने जिले के सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं प्रशासनिक मुद्दों पर उप शिक्षा निदेशक के साथ विस्तृत चर्चा की। संघ के पदाधिकारियों ने धरातल पर शिक्षकों और विद्यार्थियों को आ रही व्यावहारिक समस्याओं को उनके समक्ष रखा और उनके शीघ्र व स्थायी समाधान का आग्रह किया।
प्रवक्ता संघ के विचारों और मांगों को बेहद ध्यानपूर्वक सुनने के बाद उप शिक्षा निदेशक (उच्च) मधु जनारथा ने प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने संघ को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिले में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, उनके हितों की रक्षा और सरकारी शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व आधुनिक बनाने के लिए उच्च अधिकारियों, स्कूल प्रभारियों और शिक्षकों के साथ मिलकर एक बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाएगा।