सोलन में चिट्टा तस्करी में पकड़े गए हेमंत शर्मा और परिवार की ₹2.43 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला सोलन पुलिस ने एंटी चिट्टा अभियान के तहत चिट्टा तस्कर हेमंत शर्मा और उसके परिवार द्वारा अवैध रूप से अर्जित ₹2.43 करोड़ से अधिक मूल्य की चल-अचल संपत्तियों को फ्रीज कर दिया है। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत की गई है। आरोपी हेमंत शर्मा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और मारपीट के कुल पांच मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से चिट्टा तस्करी में संलिप्त रहा है।

फरवरी 2022 की रात थाना धर्मपुर पुलिस ने जाबली के समीप एक महिंद्रा बोलेरो HP64A-0518 से 6.37 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया था। इस मामले में हेमंत शर्मा और उसके साथी उमेश ठाकुर को गिरफ्तार किया गया था। 24 जनवरी 2026 को थाना धर्मपुर के तहत सनवारा टोल प्लाजा के पास आरोपी की ऑल्टो K-10 कार HP15B-2275 के फुटमैट के नीचे से 4 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। दोनों ही मामले आरोपी के पिता के स्वामित्व वाले सनवारा स्थित होटल के आसपास दर्ज हुए। जांच में सामने आया कि आरोपी होटल की आड़ में ही चिट्टा सप्लाई का अवैध कारोबार चला रहा था।

वित्तीय जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी हेमंत शर्मा मादक पदार्थों की खरीद के लिए नकद का उपयोग करता था, ताकि डिजिटल साक्ष्य न मिल सकें। हालांकि, पुलिस की गहन जांच में उसकी आय और संपत्ति के बीच भारी असमानता पाई गई। राजस्व विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार हेमंत शर्मा और उसकी माता की आय शून्य दर्शाई गई है। पिता डाक विभाग से सेवानिवृत्त हैं और उनकी दर्ज वार्षिक आय केवल ₹5,600 पाई गई।

विगत 6 वर्षों में अवैध कमाई को पिता के होटल के रेनोवेशन, मातला गांव स्थित रिहायशी मकान की मरम्मत, आवासीय एवं व्यावसायिक परिसरों के निर्माण, भूमि/प्लॉटों की खरीद, डाकघर में धनराशि जमा करने तथा दो वाहनों Alto K-10 और Brezza की खरीद में निवेश किया गया।

वित्तीय अन्वेषण और संकलित साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हेमंत शर्मा और उसके परिवार की कुल ₹2.43 करोड़ की अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर फ्रीज कर दिया है। आगामी विधिक कार्यवाही हेतु इस मामले की रिपोर्ट सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, नई दिल्ली को भेज दी गई है।

उल्लेखनीय है कि जिला सोलन पुलिस द्वारा वर्ष 2026 में अब तक 3 अलग-अलग मामलों में 17 आरोपियों व उनके सहयोगियों की ₹3.59 करोड़ से अधिक की अवैध संपत्तियों को फ्रीज किया जा चुका है। सोलन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त करने की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।