सोलन में ड्रग विभाग और पुलिस का बड़ा एक्शन! 30 हजार नशीली गोलियां और 206 शीशियां बरामद

सोलन : बद्दी में अवैध नशे और दवाओं के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस और ड्रग विभाग ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस थाना मानपुरा और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम गुरूमाजरा में एक रिहायशी मकान पर छापेमारी कर अवैध दवाइयों का एक बड़ा जखीरा बरामद करने में सफलता हासिल की है।

जानकारी के अनुसार, खुफिया इनपुट के आधार पर संयुक्त टीम ने गुरूमाजरा निवासी संजय खान के रिहायशी मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान टीम को मकान से भारी मात्रा में दवाइयां मिलीं, जिनमें 29,990 प्रतिबंधित/अवैध गोलियां और 206 शीशियां शामिल हैं। जब आरोपी संजय खान से इन दवाइयों के संबंध में वैध लाइसेंस, खरीद बिल या अन्य जरूरी दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी कागज पेश नहीं कर सका। इसके बाद ड्रग विभाग ने नियमानुसार पूरी खेप को अपने कब्जे में ले लिया।

दस्तावेज न मिलने पर विभाग ने आरोपी के खिलाफ Drugs & Cosmetics Act के तहत आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में अवैध दवाइयां कहाँ से लाई गई थीं और इन्हें कहाँ सप्लाई किया जाना था। बद्दी पुलिस ने साफ किया है कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ यह सख्त अभियान भविष्य में भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।