सोलन: वाल्मीकि सुधार सेवा समिति द्वारा सोलन में महर्षि वाल्मीकि जयंती बहुत धूमधाम के साथ मनाई गई। इस कार्यक्रम में शिमला लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जहां वाल्मीकि समाज के लोगों ने विधि-विधान से महर्षि वाल्मीकि की पूजा-अर्चना की।

वाल्मीकि सेवा सुधार समिति के अध्यक्ष प्रेमचंद मट्टू ने इस मौके पर कहा कि आज दुनिया भर में रामायण का महत्व बढ़ रहा है और विदेशों में भी इसका पाठ किया जा रहा है। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें और उन्हें भगवान राम के आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित करें। साथ ही, बच्चों को रामायण पढ़ने की आदत डालने पर भी जोर दिया ताकि उनमें अच्छे संस्कार विकसित हो सकें।
शहर में वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में पिछले तीन दिनों से लगातार विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा था। इन आयोजनों के तहत नगर कीर्तन समेत कई धार्मिक कार्यक्रम हुए, जिनका समापन रविवार को किया गया।