सोलन में फॉरेस्ट रोड पर रेड, अवैध शराब सहित पूर्व में जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार

Photo of author

By Hills Post

सोलन: नशा तस्करों और अवैध कारोबारियों के विरुद्ध सोलन पुलिस का अभियान निरंतर जारी है। इसी कड़ी में जिला पुलिस की SIU ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए फॉरेस्ट रोड स्थित एक किराये के कमरे से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में एक नेपाली मूल के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।

01 मई को SIU टीम को सोलन के फॉरेस्ट रोड क्षेत्र में अवैध शराब के भंडारण की पुख्ता जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही टीम ने चिन्हित स्थान पर दबिश दी। टीम ने इस दौरान देसी शराब संतरा नॉटी नंबर 01 की 14 पेटियां, अंग्रेजी शराब रॉयल स्टैग की 01 पेटी अवैध शराब बरामद की है।

मौके से पुलिस ने सुदर्शन थापा (42 वर्ष) को हिरासत में लिया। आरोपी मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है और वर्तमान में सोलन मुख्य डाकघर के समीप किराये के कमरे में रह रहा था। तलाशी के दौरान आरोपी शराब से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या परमिट पेश नहीं कर पाया।

प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि आरोपी पहले भी संगीन अपराधों में संलिप्त रहा है। उसके विरुद्ध थाना सदर सोलन में जानलेवा हमले का एक मामला पहले से ही दर्ज है। पुलिस थाना सदर में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि शराब का यह जखीरा कहाँ से लाया गया था और इसे शहर के किन हिस्सों में सप्लाई किया जाना था। पुलिस अधीक्षक सोलन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब और नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

जिला पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि यदि उनके आसपास किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या संदिग्ध सामान के भंडारण की जानकारी मिले, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।