नाहन नगर परिषद: अंतिम दिन भाजपा समर्थित सभी 13 वार्डों के चेहरों पर लगी फाइनल मुहर

नाहन : हिमाचल प्रदेश में नगर निकाय चुनावों की बिसात पूरी तरह बिछ चुकी है। नामांकन के अंतिम दिन आज नाहन में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आज नाहन के ऐतिहासिक माँ कालीस्थान मंदिर में शीश नवाकर चुनावी अभियान का विधिवत शंखनाद किया। माँ के दरबार में माथा टेकने के बाद भाजपा ने अपने सभी 13 समर्थित उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देकर चुनावी मैदान में उतार दिया है।

हालाँकि कुछ उम्मीदवारों ने पहले ही अपने नामांकन दाखिल कर दिए थे, लेकिन आज अंतिम दिन तक भाजपा ने नाहन नगर परिषद के सभी वार्डों में अपनी किलेबंदी पूरी कर ली है। शहर के सभी 13 वार्डों से पार्टी समर्थित प्रत्याशियों की तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है, जो डॉ. बिंदल के नेतृत्व में मैदान में उतर रहे हैं।

नाहन नगर परिषद के सभी 13 वार्डों के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवारों के नामों की घोषणा के साथ ही चुनावी मैदान में पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी द्वारा जारी सूची के अनुसार, वार्ड नंबर 1 से शुभम सैनी, वार्ड नंबर 2 से मनीष जैन और वार्ड नंबर 3 से आशा भारद्वाज को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं, वार्ड नंबर 4 से पूजा तोमर, वार्ड नंबर 5 से सीमा अत्री और वार्ड नंबर 6 से अर्पिता बक्शी भाजपा समर्थित उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगी।

इसी क्रम में पार्टी ने वार्ड नंबर 7 से अभिषेक चौधरी, वार्ड नंबर 8 से संजय चौहान, वार्ड नंबर 9 से कौशल्या चौहान और वार्ड नंबर 10 से संजय पुंडीर पर अपना भरोसा जताया है। नाहन के अन्य वार्डों की कमान संभालते हुए वार्ड नंबर 11 से संध्या अग्रवाल, वार्ड नंबर 12 से प्रदीप सहोत्रा और वार्ड नंबर 13 से संजना कौर को मैदान में उतारा गया है। नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन तक इन सभी चेहरों पर अंतिम मुहर लग गई है, जो अब डॉ. राजीव बिंदल के मार्गदर्शन में नाहन शहर के विकास के एजेंडे को लेकर जनता के बीच जाएंगे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।