सोलन में स्वास्थ्य मंत्री ने किया शूलिनी मेले का विधिवत शुभारंभ

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला की अधिष्ठात्री देवी मां शूलिनी को समर्पित तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय ऐतिहासिक शूलिनी मेले का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हो गया। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने इस उत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। देव परंपरा और जन आस्था का प्रतीक यह मेला सोलन की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का एक अनुपम उदाहरण है।

मेले का मुख्य आकर्षण मां शूलिनी की पावन पालकी यात्रा रही। यह भव्य शोभायात्रा मां शूलिनी के मूल मंदिर से शुरू होकर सोलन शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जिसका शहरवासियों ने पलक-पावड़े बिछाकर स्वागत किया। यह यात्रा मां की बड़ी बहन मां दुर्गा के गंज बाजार स्थित मंदिर पहुंचकर विश्राम लेती है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शांडिल ने परंपरा के अनुसार मां की पालकी का स्वागत किया और प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।

एकमात्र शहर जहां लगते हैं अनगिनत भंडारे

इस मौके पर सोलन वासियों को मेले के राष्ट्रीय स्तर का घोषित होने पर बधाई देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह उत्सव हमारी गौरवशाली संस्कृति को दर्शाता है। उन्होंने एक बेहद खास बात का जिक्र करते हुए कहा कि पूरे देश में यह अपनी तरह का अकेला ऐसा अनूठा उत्सव है, जहां तीन दिनों तक शहर में अनगिनत भंडारे आयोजित किए जाते हैं। इस दौरान सोलन आने वाले हर एक व्यक्ति के लिए भोजन की बेहतरीन व्यवस्था रहती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मां शूलिनी की कृपा से यह उत्सव सभी के जीवन में नई खुशहाली लेकर आएगा।

ठोडो मैदान में हुआ हवन, प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद

इससे पहले, उपायुक्त एवं मेला समिति के अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने मुख्य अतिथि डॉ. धनीराम शांडिल, दून के विधायक राम कुमार चौधरी और अर्की के विधायक संजय अवस्थी का विधिवत स्वागत व सम्मान किया। मेले के औपचारिक शुभारंभ से पहले स्वास्थ्य मंत्री ने ठोडो मैदान में आयोजित एक विशेष हवन में भी भाग लिया।

इस भव्य उद्घाटन समारोह के दौरान जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश ठाकुर, सुरेन्द्र सेठी और कर्नल संजय शांडिल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम के प्रबंध निदेशक अजय कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक सोलन तिरुमलाराजू एस.डी. वर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन और नगर निगम की आयुक्त एकता कापटा समेत जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी व भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।