हरिपुरधार-रोनहाट मार्ग पर बड़ा हादसा, 26 वर्षीय युवक की मौत, साथी की हालत नाजुक

नाहन : सिरमौर जिले के हरिपुरधार-रोनहाट मार्ग पर बीती रात एक दर्दनाक कार हादसा पेश आया है, जिसमें एक युवक की जान चली गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल है। यह दुर्घटना हरिपुरधार से महज एक किलोमीटर दूर रोनहाट रोड पर देर रात करीब 1:30 बजे हुई।

जानकारी के अनुसार, HP 71A-7649 (ऑल्टो) कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। कार में दो युवक सवार थे। हादसे के वक्त लोग सो रहे थे, जिससे तुरंत मदद नहीं मिल सकी। हालांकि, घायल युवक ने हिम्मत दिखाते हुए रात में ही अपने किसी परिचित को फोन कर सूचित किया, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।

हादसे में जगदीश कुमार (26 वर्ष), पुत्र रामलाराम, निवासी गांव जमना की मौके पर ही मौत हो गई वहीं उनके साथी वीरेंद्र चौहान (चालक) इस हादसे में बुरी तरह जख्मी हुए हैं। घायल वीरेंद्र को तुरंत स्थानीय अस्पताल लाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ रेफर कर दिया है।

डीएसपी संगड़ाह, विद्या चंद नेगी (जिनके पास अतिरिक्त कार्यभार है), ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।