हिमाचल की स्वर्ण जयंती ऊर्जा नीति-2021 में बड़ा संशोधन, मिलेगी 50% मुफ्त बिजली

Photo of author

By Hills Post

शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य की वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए स्वर्ण जयंती ऊर्जा नीति-2021 में संशोधन को मंजूरी दे दी है। इस नए फैसले के तहत, प्रदेश में संचालित केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (सीपीएसयू) की जलविद्युत परियोजनाओं के संचालन के 40 वर्ष पूरे होने के बाद अगले 10 वर्षों तक राज्य को 50 प्रतिशत मुफ्त बिजली रॉयल्टी के रूप में मिलेगी। इतना ही नहीं, संचालन के 50 वर्ष पूरे होने और सभी देनदारियों से मुक्त होने के बाद इन परियोजनाओं को बिना किसी लागत के राज्य सरकार को हस्तांतरित कर दिया जाएगा।

एनएचपीसी, एसजेवीएन और एनटीपीसी की ये प्रमुख परियोजनाएं आएंगी दायरे में

सरकार के इस संशोधन के दायरे में एनएचपीसी, एसजेवीएन और एनटीपीसी द्वारा हिमाचल प्रदेश में संचालित की जा रही कई प्रमुख जलविद्युत परियोजनाएं आएंगी। इनमें एनएचपीसी की बैरा स्यूल, चमेरा-1, चमेरा-2, चमेरा-3, पार्वती चरण-2 और पार्वती चरण-3 परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा एसजेवीएन की नाथपा झाकड़ी और रामपुर परियोजनाएं तथा एनटीपीसी की कोल बांध परियोजना भी इसके अंतर्गत आएंगी। गौरतलब है कि बैरा स्यूल जलविद्युत परियोजना वर्ष 1982 में शुरू हुई थी और इसके व्यावसायिक संचालन को 40 वर्ष से अधिक का समय पूरा हो चुका है। इन नए प्रावधानों को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए राज्य सरकार संबंधित केंद्रीय उपक्रमों के साथ अलग-अलग समझौते करेगी।

क्यों पड़ी संशोधन की आवश्यकता?

मौजूदा नीति के तहत वर्तमान में राज्य को मुफ्त बिजली रॉयल्टी के रूप में पहले 12 वर्षों तक 12 प्रतिशत, अगले 18 वर्षों तक 18 प्रतिशत और शेष 10 वर्षों तक 30 प्रतिशत बिजली मिलती है। इससे पहले 30 सितंबर 2024 को अधिसूचित किए गए प्रावधान मुख्य रूप से केंद्रीय व राज्य सार्वजनिक उपक्रमों तथा संयुक्त क्षेत्र की संस्थाओं को आवंटित या भविष्य में आवंटित की जाने वाली परियोजनाओं पर ही लागू थे। इस वजह से एनएचपीसी, एसजेवीएन और एनटीपीसी द्वारा पहले से संचालित परियोजनाओं से रॉयल्टी बढ़ाने का मामला इसके दायरे में नहीं आ पा रहा था, जिसे अब इस संशोधन के जरिए शामिल कर लिया गया है।

जल संसाधनों में उचित हिस्सेदारी से मजबूत होगी अर्थव्यवस्था: मुख्यमंत्री

इस निर्णय पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मुफ्त बिजली रॉयल्टी में की गई इस वृद्धि से प्रदेश की वित्तीय स्थिति को मजबूती मिलेगी और राज्य में विकासात्मक व जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य के लिए जल सबसे मूल्यवान प्राकृतिक संसाधनों में से एक है। राज्य की विशिष्ट भौगोलिक और आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए जल संसाधनों के उपयोग से होने वाले लाभों में प्रदेश की उचित हिस्सेदारी सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने दोहराया कि सरकार प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जनता को प्राकृतिक संसाधनों का उचित व समान लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed