शिमला: भारतीय विदेश सेवा के वर्ष 2002 बैच के वरिष्ठ अधिकारी विश्वेश नेगी को ईरान की राजधानी तेहरान में भारत का नया राजदूत नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वे भारत सरकार के विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव का दायित्व संभाल रहे थे। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर में पूह तहसील के कानम गांव से संबंध रखने वाले विश्वेश नेगी की यह नियुक्ति समूचे प्रदेश और विशेष रूप से किन्नौर के लोगों के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।

अपने उत्कृष्ट कूटनीतिक करियर के दौरान नेगी ने तेहरान में द्वितीय सचिव (राजनीतिक), रोम में प्रथम सचिव (राजनीतिक) और लंदन में मंत्री (राजनीतिक एवं प्रेस) के रूप में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। विदेश मंत्रालय मुख्यालय में भी उन्होंने संयुक्त राष्ट्र, पाकिस्तान-अफगानिस्तान तथा श्रीलंका प्रभागों में निदेशक, उप सचिव एवं अवर सचिव के रूप में कार्य किया है। संयुक्त सचिव (ओशिनिया) का दायित्व संभालने से पूर्व वे वर्ष 2022 से 2025 तक रक्षा मंत्रालय, नई दिल्ली में संयुक्त सचिव (अंतरराष्ट्रीय सहयोग) के पद पर कार्यरत रहे।
नेगी की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी काफी समृद्ध रही है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र एवं लोक प्रशासन विषयों में स्नातकोत्तर उपाधियां प्राप्त की हैं। इसके अतिरिक्त वर्ष 2008 में उन्होंने अमेरिका के जॉर्ज वॉशिंगटन विश्वविद्यालय के इलियट स्कूल ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स से अमेरिकी विदेश नीति में विशेष डिप्लोमा हासिल किया। वे फारसी भाषा में भी दक्ष हैं, जो तेहरान में उनके कार्यकाल के दौरान कूटनीतिक संबंधों को मजबूत करने में सहायक होगी। जनजातीय क्षेत्र किन्नौर के एक छोटे से गांव कानम से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने की उनकी इस उपलब्धि से समूचे प्रदेश में खुशी का माहौल है।