सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन ज़िले में स्कूल प्रवक्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था और क्लस्टर सिस्टम को लेकर गहरी चिंता ज़ाहिर की है। 14 अक्टूबर को नालागढ़ के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में हिमाचल प्रदेश प्रवक्ता संघ की एक अहम बैठक आयोजित की गई। ज़िला अध्यक्ष जयलाल जलपाईक की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में रामशहर, पट्टा महलोग, बद्दी और बरोटीवाला के कई पदाधिकारी और शिक्षक शामिल हुए।
बैठक में सबसे ज़्यादा चर्चा मौजूदा क्लस्टर सिस्टम पर हुई। शिक्षकों का साफ कहना है कि इस नई व्यवस्था की वजह से माध्यमिक और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों के शिक्षकों को प्राइमरी स्कूलों में पढ़ाने के लिए भेजा जा रहा है। इससे सीनियर स्कूलों में शिक्षकों की कमी हो रही है और बड़े बच्चों की पढ़ाई का सीधा नुकसान हो रहा है। संघ ने सरकार से मांग की है कि प्राइमरी स्कूलों के खाली पद प्राथमिक स्तर की नियुक्तियों से ही भरे जाएं।

इसके अलावा प्रवक्ताओं ने सरकार के सामने कुछ और अहम मांगें रखी हैं। शिक्षकों ने प्रधानाचार्य पदोन्नति कोटे को बढ़ाकर 95:5 के अनुपात में तय करने की मांग की है। साथ ही साल 2003 से पहले नियुक्त हुए कर्मचारियों को सुप्रीम कोर्ट के फैसलों के तहत पेंशन और बाकी बकाया वित्तीय लाभ तुरंत देने की अपील की गई है। प्रशिक्षण कार्यक्रमों को लेकर भी संघ ने अपनी बात रखी और कहा कि एससीईआरटी और डाइट की ट्रेनिंग में प्रवक्ताओं के विषयों को ही प्राथमिकता मिलनी चाहिए। शिक्षकों का मानना है कि ट्रेनिंग के दौरान विषय से बाहर की बातें करने के बजाय सिर्फ उपयोगी बातों पर ही फोकस होना चाहिए। इसके साथ ही दीक्षा और पी-विद्ध्या के तहत होने वाले पांच-पांच दिन के अनिवार्य ऑफलाइन सेमिनार बंद करने और शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से दूर रखने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
संघ का स्पष्ट मानना है कि अगर शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है तो शिक्षकों की इन समस्याओं का समय पर समाधान होना बहुत ज़रूरी है। इस महत्वपूर्ण बैठक में संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरि सिह, वूमेन सेल की अध्यक्ष राधा नेगी, बिजेंद्र कुमार, मनीष देव और सचिन शर्मा समेत कई सदस्य मौजूद रहे और अपने विचार साझा किए।
आखिर में अध्यक्ष जयलाल जलपाईक ने बैठक में आए सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आयोजन के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नालागढ़ के प्रधानाचार्य पंकज शर्मा के साथ-साथ स्थानीय ब्लॉक अध्यक्ष, महासचिव और मनीष देव का विशेष रूप से आभार जताया।