हिमाचल प्रदेश स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन जिला सोलन की बैठक कुनिहार में संपन्न

Photo of author

By Hills Post

सोलन: हिमाचल प्रदेश स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन, जिला सोलन की एक महत्वपूर्ण बैठक आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाल कुनिहार में जिला अध्यक्ष जय लाल जलपाईक की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में अर्की जोन के अंतर्गत आने वाले कुनिहार, अर्की, धुंधन और कुठाड़ शिक्षा खंडों के समस्त पदाधिकारियों और सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

बैठक के दौरान शिक्षकों से जुड़े विभिन्न लंबित एवं महत्वपूर्ण सेवा मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन ने प्रदेश सरकार से महंगाई भत्ता, एरियर और वेतन एरियर का शीघ्र भुगतान करने की मांग की है। संगठन ने प्रधानाचार्य पदोन्नति कोटा 95:5 के अनुपात से संबंधित विषय पर उचित कार्रवाई, सीबीएसई (CBSE) से जुड़े विभिन्न मुद्दों का समाधान, वर्ष 2003 में नियुक्त लेक्चररों की प्रारंभिक सेवा को पेंशन लाभ के लिए जोड़ना तथा लेक्चरर से संबंधित माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णयों को यथाशीघ्र लागू करने के अतिरिक्त, कॉम्प्लेक्स सिस्टम से संबंधित निर्णयों और उनके क्रियान्वयन की मांग की है।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने इस बात पर जोर दिया कि शिक्षकों से जुड़े नीतिगत मामलों में संगठन के प्रतिनिधियों के साथ सार्थक संवाद होना बेहद आवश्यक है। सभी सदस्यों ने एकमत होकर निर्णय लिया कि इन सभी मुद्दों को हिमाचल प्रदेश स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन की राज्य कार्यकारिणी के समक्ष रखा जाएगा और सरकार के साथ प्रभावी संवाद के जरिए इनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।

जिला अध्यक्ष जय लाल जलपाईक ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन शिक्षकों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हमारी प्राथमिकता हमेशा संवाद, लोकतांत्रिक प्रक्रिया और संवैधानिक तरीकों से समस्याओं का हल निकालना रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सरकार के स्तर पर इन मामलों का अपेक्षित समाधान नहीं होता है, तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आगे की रणनीति तय करेगा।

बैठक के अंत में यह भी निर्णय लिया गया कि जिला सोलन को तीन जोन में विभाजित कर संगठनात्मक बैठकों का यह क्रम आगे भी जारी रखा जाएगा, ताकि जिले के दूर-दराज के शिक्षा खंडों के शिक्षकों की समस्याओं को एकत्रित कर उन्हें उचित मंच पर प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।