मंडी: इस वर्ष हिमाचल प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव पूरे उत्साह, हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इस संदर्भ में मंडी जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 1 मार्च के दिन महाशिवरात्रि है और 2 से 8 मार्च तक अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2022 का आयोजन किया जाएगा। पड्डल मैदान में मेला भी सजेगा और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। पड्डल मैदान में लगने वाले डोम और अन्य आयोजनों के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। बाहरी और स्थानीय कलाकारों के साथ संपर्क साधा जा रहा है।

कोरोना के कारण मंडरा रहे थे संकट के बादल : अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के आयोजन पर कोरोना के बढ़ रहे प्रकोप के कारण संकट के बादल मंडराने लग गए थे। महोत्सव का पहला साधारण अधिवेशन दिसंबर महीने में हो जाया करता था लेकिन इस वर्ष इसे जनवरी महीने में रखा गया था। उस दौरान कोरोना के मामलों में अचानक उछाल आने के चलते इसे स्थगित करना पड़ा था। लेकिन प्रशासन ने अंदरखाने इसकी तैयारियों की तरफ कोई ढील नहीं बरती। लेकिन अब यह तय हो चुका है कि इस बार भी शिवरात्रि महोत्सव को पूरी धूमधाम के साथ मनाया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी ने बताया कि प्रशासन ने महोत्सव की तैयारियों को शुरू कर दिया है। देवता मेला हर हाल में होगा, लेकिन व्यापारिक मेले का आयोजन कोरोना की स्थिति को ध्यान में रखकर ही किया जाएगा। कोरोना काल में होने वाले इस आयोजन में कोविड प्रोटोकाल का पूरी तरह से ध्यान रखा जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version