सोलन : हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन (बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़) में बाहरी राज्यों से चल रहे फर्जी शैक्षणिक डिग्रियों और जाली प्रमाण पत्रों के काले कारोबार का बद्दी पुलिस ने बड़ा भंडाफोड़ किया है। बरोटीवाला पुलिस थाना में दर्ज जालसाजी के एक मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश से इस रैकेट के एक और मुख्य आरोपी को धर दबोचा है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान अनूप कुमार (पुत्र रमेश सिंह, निवासी गांव माऊ चिराग, तहसील सिकंदराराऊ, जिला हाथरस, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बद्दी पुलिस द्वारा आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि इस अंतरराज्यीय रैकेट में बद्दी पुलिस की यह दूसरी बड़ी कामयाबी है। इससे पहले भी पुलिस ने इसी गिरोह के एक अन्य सदस्य सौरव कुमार (पुत्र धर्मपाल, निवासी जिला हाथरस, उत्तर प्रदेश) को सलाखों के पीछे पहुंचाया था। आरोपी सौरव कुमार वर्तमान में 14 दिन की न्यायिक हिरासत (जुडिशियल रिमांड) पर चल रहा है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि बरोटीवाला थाने में एक लिखित शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कुछ शातिर लोगों द्वारा एक संगठित गिरोह चलाकर युवाओं को मोटी रकम के बदले विभिन्न प्रकार की फर्जी डिग्रियां और शैक्षणिक प्रमाण पत्र उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
मामले की गंभीरता और युवाओं के भविष्य से जुड़े इस खिलवाड़ को देखते हुए पुलिस ने तुरंत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच का जिम्मा विशेष टीम को सौंपा।
मामले को सुलझाने के लिए बद्दी पुलिस की तकनीकी विंग और जांच टीम लगातार दस्तावेजों की पड़ताल और संदिग्धों के मोबाइल लोकेशन व बैंक खातों पर नजर रखे हुए थी। इसी निगरानी के आधार पर पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश में दबिश देकर आरोपी अनूप कुमार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से बेरोजगार युवाओं को सरकारी और निजी नौकरियों का झांसा देकर जाल में फंसाता था।
बद्दी पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से रिमांड के दौरान गहनता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हिमाचल प्रदेश के किन-किन क्षेत्रों के युवाओं ने इनसे डिग्रियां खरीदी हैं और इस रैकेट के तार प्रदेश के अन्य किन हिस्सों या शिक्षण संस्थानों से जुड़े हैं। पुलिस का दावा है कि इस मामले में आगामी दिनों में कुछ और स्थानीय व बाहरी लोगों की गिरफ्तारियां संभव हैं।