नाहन : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि नरेंदर मोदी के 12 साल के प्रधानमंत्री कार्यकाल में भारत ने विश्व स्तर पर अपनी गौरवशाली पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व में आर्थिक महा शक्ति के रूप में उभर रहा है। डॉ. राजीव बिंदल आज शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय नाहन में जिला स्तरीय विकसित भारत सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर रहे है थे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नरेंद्र मोदी के 12 साल के प्रधानमंत्री कार्यकाल में देश में विकास और जन सेवा के अभूतपूर्व और ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। डॉ. बिंदल ने सभी नव निर्वाचित नगर निकाय और पंचायती राज प्रतिनिधियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल की ऐतिहासिक उपलब्धियों को जनता के बीच लेकर जाने के लिए कहा।

उन्होंने कहा कि नगर निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के बाद तय हो गया है कि हिमाचल की कांग्रेस सरकार अब जाने वाली है और भाजपा सरकार आने वाली है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा सरकार बनेगी।
डॉ. बिंदल ने आपातकाल का स्मरण करते हुए 25 जून को देश का काला दिन बताया। तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गाँधी ने 25 जून 1975 को देश में आपातकाल लगा दिया था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता आज संविधान की किताब हाथ में लेकर झूठ बोलते फिरते हैं जबकि देश में आपातकाल लगा कर कांग्रेस ने स्वयं संविधान की धज्जियाँ उड़ाई थी।
इस अवसर पर विधायक सुखराम चौधरी, सिरमौर जिला प्रभारी संजय ठाकुर, जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता,नारायण चौहान और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, पंचायती राज संस्थानों के नव निर्वाचित प्रतिनिधि, व अन्य प्रबुद्धजन सम्मेलन में उपस्थित रहे।