ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट में सोलन कॉलेज का प्रतिनिधित्व करेंगे हर्ष और नमन

Photo of author

By Hills Post

सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन के दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों हर्ष और नमन ने खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए महाविद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टीम में चयनित होने के बाद अब दोनों खिलाड़ियों ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट प्रतियोगिता में भी अपनी जगह पक्की कर ली है।

हर्ष और नमन ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में एचपीयू की टीम ने दिल्ली विश्वविद्यालय को पराजित कर नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट ट्रॉफी अपने नाम की। इस खिताबी जीत और बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर ही दोनों खिलाड़ियों का चयन आगामी ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने इस सफलता पर दोनों खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को आगामी ऑल इंडिया प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक प्रो. रवि राम ने बताया कि हर्ष और नमन ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों की यह सफलता महाविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed