नाहन : पीओ सेल नाहन की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने बीते कल हरियाणा के यमुनानगर में दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान राहुल राणा पुत्र सुरेंद्र सिंह, निवासी मकान नंबर 177, अमरपुरी कॉलोनी, डाकघर अमर मार्केट, सिसोली रोड, जिला यमुनानगर, हरियाणा के रूप में हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी राहुल राणा के खिलाफ वर्ष 2015 में सिरमौर जिले के पुलिस थाना रेणुका जी में एक गंभीर मामला दर्ज किया गया था। दिनांक 19 जुलाई 2015 को अभियोग संख्या 35/15 के तहत आरोपी पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 353 , धारा 332 और धारा 34 के साथ-साथ वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम की धारा 38-J एवं 51 के तहत मामला पंजीकृत हुआ था।

मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था और अदालत में पेश नहीं हो रहा था, जिसके चलते माननीय न्यायालय द्वारा उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया गया था। सिरमौर पुलिस की पीओ सेल नाहन की टीम लगातार इस अपराधी की तलाश में जुटी हुई थी।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुख्ता सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर पीओ सेल नाहन की टीम ने आरोपी के ठिकाने का पता लगाया और बीते कल हरियाणा के यमुनानगर से उसे सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम आरोपी को सिरमौर ले आई है और उसके खिलाफ नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।