सोलन: पुलिस थाना कंडाघाट की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पंजाब रोडवेज की एक बस से 1.39 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर कंडाघाट के चायल चौक पर चेकिंग के दौरान की।

पुलिस के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि चंडीगढ़ से शिमला की ओर जा रही पंजाब रोडवेज की बस में सवार एक युवक के पास नशीला पदार्थ है। इस पर पुलिस टीम ने चायल चौक पर बस को रोककर तलाशी ली। चेकिंग के दौरान बस की सीट नंबर 7 पर बैठे युवक के कब्जे से 1.39 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान विशाल (32) पुत्र स्वर्गीय मोहन लाला निवासी गांव व डाकघर जुन्गा, तहसील जुन्गा, जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस ने इस संबंध में थाना कंडाघाट में मामला दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर पाबंद किया गया है। पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है और मामले में आगामी तफ्तीश जारी है।