सोलन: खेल के क्षेत्र में अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करते हुए कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल (KIPS) की बालिका वॉलीबॉल टीम ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। नालागढ़ के एंडरोला स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में किप्स की टीम ने विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

24 अप्रैल 2026 को आयोजित इस प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला अत्यंत रोमांचक रहा, जहाँ कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की टीम का सामना बद्दी यूनिवर्सिटी की बालिका टीम से हुआ। किप्स की खिलाड़ियों ने अपनी स्फूर्ति और शानदार तालमेल के दम पर यूनिवर्सिटी की टीम को पराजित कर गौरवपूर्ण सफलता हासिल की। विजेता ट्रॉफी के साथ टीम को ₹4100 की नकद पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक हीरा ठाकुर तथा प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम ठाकुर को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
विद्यालय के सीईओ डॉ. संजीव मैनरा ने टीम, कोचों और समस्त किप्स परिवार को इस ऐतिहासिक जीत की बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अटूट अनुशासन और उत्कृष्ट टीम भावना का प्रतिफल है। हमें अपनी बेटियों पर गर्व है जिन्होंने खेल के मैदान में विद्यालय का मान बढ़ाया है।