कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, सनवारा में गूंजा “वंदे मातरम्”

Photo of author

By Hills Post

सोलन: कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, सनवारा में भारत सरकार की विशेष पहल के अंतर्गत राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार, को प्रातः 11:00 बजे एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में सामूहिक रूप से “वंदे मातरम्” का गायन किया गया।

इस विशेष अवसर पर विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकगणों ने पूरे अनुशासन, अगाध सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। सामूहिक गायन के दौरान पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रप्रेम के भाव से ओत-प्रोत हो उठा। विद्यार्थियों ने अपनी सुरीली और मुखर आवाज़ में वंदे मातरम् का गान कर राष्ट्र की एकता, अखंडता और उसकी गौरवशाली परंपरा के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर हीरा ठाकुर, सीईओ डॉ. संजीव मैनरा और प्राचार्या श्रीमती पूनम ठाकुर के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। शिक्षकों के सक्रिय सहयोग और विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने इस आयोजन को बेहद सफल और यादगार बना दिया।

कार्यक्रम के अंत में संपूर्ण विद्यालय परिवार ने राष्ट्रप्रेम, आपसी एकता और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के मान-सम्मान को हमेशा सर्वोच्च बनाए रखने का संकल्प लिया।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।