माजरा: दिवाली के बम से फटी पानी की टंकी, विरोध करने पर पति-पत्नी से मारपीट का आरोप

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर जिले के पुरुवाला कांशीपुर क्षेत्र में दीपावली की खुशियों के बीच आपसी रंजिश और हुड़दंग का एक मामला सामने आया है, जहाँ दिवाली के पटाखों के विवाद ने तूल पकड़ लिया और बात मारपीट तक पहुँच गई। पुलिस थाना माजरा में इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, बीते कल माजरा में रमेश कुमार (पुत्र श्री बग्गा राम, निवासी गाँव व डाकघर पुरुवाला कांशीपुर, तहसील पाँवटा साहिब, जिला सिरमौर) ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने बताया कि दिवाली की रात उनका पड़ोसी मुकेश कुमार दिवाली के बम जलाकर उनके घर की तरफ फेंक रहा था। इसी दौरान एक तेज पटाखा उनकी पानी की टंकी के पास आकर फटा, जिसकी चपेट में आने से उनकी पानी की टंकी फट गई और नुकसान हुआ।

घटना के बाद रमेश कुमार अपनी पत्नी के साथ इस हरकत पर आपत्ति जताने और समझाने के लिए पड़ोसी मुकेश कुमार के घर गए। स्थिति को देखते हुए बाद में मुकेश और उसका बड़ा भाई तरसेम खुद रमेश कुमार के घर पानी की टंकी का मुआयना करने पहुँचे। इसी बातचीत के दौरान माहौल गर्म हो गया और आरोप है कि मुकेश ने रमेश कुमार तथा उनकी पत्नी के साथ न केवल गंदी गालियाँ दीं, बल्कि उनके साथ मारपीट भी की।

इस पूरी घटना के बाद पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस थाना माजरा में इसकी शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और मामले की आगामी गहन छानबीन जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।