कालाअंब की सरिया फैक्ट्री में भीषण हादसा, एक मजदूर की मौत, एक गंभीर घायल

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन: जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में वीरवार सुबह एक सरिया उद्योग में बड़ा हादसा सामने आया है। इस हादसे में 53 वर्षीय कामगार की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही कालाअंब पुलिस मौके पर पहुँचकर जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार त्रिलोकपुर रोड पर स्थित इस उद्योग में सुबह करीब 9:30 बजे मजदूर भट्ठी में कच्चा माल (रॉ-मैटेरियल) डालने का काम कर रहे थे। इसी दौरान पिघले हुए लोहे से भरी बाल्टी को ले जा रही क्रेन का गियर अचानक फिसल गया। गियर स्लिप होते ही गर्म लोहा सीधे मजदूरों पर गिर गया।

कालाअंब की सरिया फैक्ट्री

इस दर्दनाक हादसे में एक मजदूर बुरी तरह से झुलस गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान राम बिलास साहनी पुत्र महेंद्र साहनी निवासी बिहार के रूप में हुई है। वहीं दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत उपचार के लिए नारायणगढ़ अस्पताल ले जाया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कालाअंब कुलवंत सिंह कंवर अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद फैक्ट्री गेट के बाहर मजदूरों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ है। मजदूरों ने बताया कि सुबह ही मेंटेनेंस इंजीनियर ने मशीनों की जांच की थी, इसके बावजूद इतनी बड़ी दुर्घटना हो गई।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।