कालाअंब चैम्बर ऑफ कॉमर्स की कमान अब दीपन गर्ग के हाथ, नई कार्यकारिणी का हुआ गठन

नाहन : औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के विकास और उद्यमियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए ‘कालाअंब चैम्बर ऑफ कॉमर्स’ की नई कार्यकारिणी का विधिवत गठन कर दिया गया है। हाल ही में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से दीपन गर्ग को चैम्बर का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। बैठक की अध्यक्षता स्वयं दीपन गर्ग ने की, जिसमें क्षेत्र के प्रमुख उद्योगपतियों ने हिस्सा लिया। उल्लेखनीय है कि यह पद वरिष्ठ उद्योगपति स्वर्गीय उमेश गर्ग जी के आकस्मिक निधन के बाद से रिक्त चल रहा था। बैठक के दौरान सदस्यों ने स्वर्गीय गर्ग जी के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

अध्यक्ष दीपन गर्ग ने अपनी नई टीम की घोषणा करते हुए सुरेन्द्र जैन को वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन की मजबूती के लिए रूपेन्द्र ठाकुर को महासचिव (संगठन) और अभिनव कंसल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, कार्यकारिणी सदस्य के रूप में मनु अग्रवाल, अरविंद गुप्ता और संदीप गर्ग को शामिल किया गया है। महासचिव रूपेन्द्र ठाकुर ने बताया कि यह नई टीम औद्योगिक क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं में सुधार और सरकार के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में कार्य करेगी।

औद्योगिक कार्यों को गति देने और विशिष्ट मुद्दों पर बारीकी से काम करने के लिए चैम्बर ने विभिन्न ‘पैनल प्रमुखों’ की भी नियुक्ति की है। बिजली संबंधी समस्याओं के लिए पवन सैनी को ‘पावर पैनल’ का प्रमुख बनाया गया है। वहीं, ‘इंफ्रास्ट्रक्चर’ की जिम्मेदारी सुभाष तोमर और सुमित सोइन को दी गई है। फार्मा सेक्टर और सीईटीपी (CETP) के मुद्दों को अखिल माहेश्वरी और संजय सिंगला देखेंगे, जबकि ‘इंडस्ट्री एवं पॉलिसी’ के लिए कर्नल शैलेश पाठक और गौरव सोंधी को पैनल प्रमुख नियुक्त किया गया है। इस नई संरचना से उम्मीद जताई जा रही है कि कालाअंब के औद्योगिक विकास को अब एक नई गति मिलेगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।